जांजगीर-चांपा, 08 अप्रैल (आरएनएस) जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। बुधवार को बम्हनीडीह, बिर्रा और शिवरीनारायण क्षेत्र के दुर्घटना संभावित स्थानों (ब्लैक स्पॉट) का संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस दौरान सड़क सुरक्षा से जुड़े कई अहम कारणों की पहचान की गई।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में जिला परिवहन विभाग, पीडब्ल्यूडी और पुलिस की संयुक्त टीम ने उन स्थानों का दौरा किया, जहां पहले भी हादसे हो चुके हैं। टीम ने सड़क की स्थिति, ट्रैफिक व्यवस्था, संकेतकों की उपलब्धता और खतरनाक मोड़ों का बारीकी से जायजा लिया।निरीक्षण में सामने आया कि तेज रफ्तार, यातायात नियमों की अनदेखी, पर्याप्त संकेतकों की कमी, रोड मार्किंग का अभाव, सड़क किनारे अतिक्रमण, खराब रोड शोल्डर और दृश्यता बाधित करने वाले मोड़ हादसों के प्रमुख कारण हैं।अधिकारियों ने संबंधित विभागों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। इनमें चेतावनी संकेतक लगाने, स्पीड ब्रेकर निर्माण, सड़कों की मरम्मत, अतिक्रमण हटाने और ट्रैफिक नियंत्रण व्यवस्था को मजबूत करने जैसे कार्य शामिल हैं। इन बिंदुओं पर जल्द कार्रवाई के लिए विभागों को पत्र भी भेजा जाएगा।प्रशासन ने साफ किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चलाया जाएगा। वहीं आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

