कोरबा 08 जुलाई। जिले के ग्राम पंचायत माखुरपानी के आश्रित ग्राम छातासराई की सडक पहली ही बारिश में बदहाल हो गई है। सडक की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि ग्रामीणों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। जगह-जगह कीचड़ और गहरे गड्ढे बनने से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सडक निर्माण में भारी लापरवाही और गुणवत्ता से समझौता किया गया, जिसके कारण महज दो-तीन दिन की बारिश में ही पूरी सडक की वास्तविकता सामने आ गई।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि अभी यह हाल है तो पूरे बारिश के मौसम में सडक की स्थिति और भी भयावह हो जाएगी। सडक पर फिसलन और कीचड़ के कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल आने-जाने वाले बच्चों, शिक्षकों, बुजुर्गों, महिलाओं और मरीजों को हो रही है। आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस और अन्य आवश्यक वाहन भी गांव तक पहुंचने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित होने लगी हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सडक निर्माण करने वाले ठेकेदार ने गुणवत्ता के मानकों का पालन नहीं किया। निर्माण कार्य की निगरानी करने वाले संबंधित विभाग के इंजीनियरों की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य की सही तरीके से जांच और निगरानी की गई होती तो इतनी जल्दी सडक खराब नहीं होती।
०००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

