बिलासपुर, 08 जुलाई (आरएनएस)। तारबाहर थाना क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर बाइक टकराने के मामूली विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। घटना में एक युवक ने पुलिस आरक्षक और उसके साथी पर मारपीट का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह ने आरक्षक अभिषेक बक्श को लाइन अटैच कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, दयालबंद निवासी शिवा गोरख ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह मीडिया कर्मी है। मंगलवार रात करीब 8 बजे वह शिव टाकीज चौक से रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित अंबा पेट्रोल पंप पर अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाने पहुंचा था। पेट्रोल पंप पर भीड़ होने के कारण उसकी बाइक सतीश ताती की बाइक से हल्के से टकरा गई, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि विवाद के दौरान सतीश ताती ने अपने परिचित आरक्षक अभिषेक बक्श को मोबाइल पर बुला लिया। मौके पर पहुंचे आरक्षक ने भी शिवा के साथ मारपीट की और सतीश ने भी उसकी पिटाई की।
घटना के बाद शिवा गोरख ने तारबाहर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सतीश ताती और आरक्षक अभिषेक बक्श के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल प्रभाव से आरक्षक अभिषेक बक्श को लाइन अटैच कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

