प्योंगयांग, 08 अपै्रल। पश्चिम एशिया में संघर्ष के बीच उत्तर कोरिया ने बुधवार को 2 चरणों में कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं। इसकी पुष्टि जापानी सरकार और दक्षिण कोरिया की सेना ने की है। दक्षिण कोरियाई ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने बताया कि उत्तर कोरिया ने अपने पूर्वी प्रांत कांगवोन के वॉनसन क्षेत्र से जापान सागर की ओर कई छोटी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं हैं। घटना के बाद दक्षिण कोरिया और जापान ने सतर्कता बढ़ा दी है।
जापान तटरक्षक बल ने उत्तर कोरिया से एक बैलिस्टिक मिसाइल होने के संदेह वाली वस्तु की लॉन्चिंग का पता चलने पर अलर्ट जारी किया है। उसने कहा कि जहाजों को सतर्क रहने की सलाह दी जाती है और अगर कोई मलबा गिरता दिखे, तो उससे दूरी बनाए और बल को कोई भी प्रासंगिक जानकारी दें। जापानी प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी विमानों, जहाजों और अन्य संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आकस्मिक स्थितियों के लिए तैयार रहने को कहा है।
दक्षिण कोरियाई सेना ने बताया कि बुधवार को उत्तर कोरिया की ओर से दागी गई मिसाइल ने 240 किलोमीटर की दूरी तय की है।
रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर कोरिया ने इस साल अपना पांचवां ज्ञात बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षण किया है, जिनमें मार्च में सुनान क्षेत्र से दागी गई 10 मिसाइलों का एक जत्था भी शामिल है। घटना को लेकर दक्षिण कोरिया के राष्ट्रीय सुरक्षा कार्यालय ने आपातकालीन बैठक कर प्योंगयांग से तत्काल उकसावे वाली कार्रवाई रोकने का आग्रह किया है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

