भोपाल 8 अप्रैल (आरएनएस)।भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के बाहर मंगलवार को एक्टर राहुल चेलानी के साथ मोबाइल स्नैचिंग की वारदात हुई।
जानकारी के मुताबिक, राहुल मुंबई से भोपाल लौटे थे और नर्मदापुरम जाने के लिए स्टेशन के बाहर कैब बुक करने निकले थे। इसी दौरान वे फोन पर बात कर रहे थे, तभी बाइक सवार बदमाश आए और उनका मोबाइल झपटकर फरार हो गए।
घटना के बाद राहुल ने हबीबगंज थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
राहुल चेलानी इससे पहले नोटबंदी के दौरान भी चर्चा में रहे थे। होशंगाबाद में पुलिस ने उनके पास से 43 लाख 60 हजार रुपए की नई करेंसी बरामद की थी। उस समय उन्होंने दावा किया था कि यह रकम उनकी मेहनत की कमाई है, जिसके बाद मामला आयकर विभाग को सौंपा गया था।
महाराष्ट्र सरकार के बड़े बजट से बन रही फिल्म में इटारसी के अभिनेता राहुल चेलानी छत्रपति शिवाजी महाराज का मुख्य किरदार निभाते नजर आएंगे। निर्देशक संगीत वर्मा ने कई कलाकारों के ऑडिशन के बाद इस महत्वपूर्ण भूमिका के लिए राहुल का चयन किया है।
फिल्म का प्रदर्शन मुंबई के प्रसिद्ध पवई लेक पर बनने जा रहे विशाल म्यूजिकल फाउंटेन शो में किया जाएगा। यह फाउंटेन लगभग 180 मीटर चौड़ा और 40 मीटर ऊंचा होगा। इसमें 49 फायर नोजल के साथ अत्याधुनिक साउंड और ङ्कस्नङ्ग तकनीक का उपयोग किया जाएगा।
फिल्म में छत्रपति शिवाजी महाराज द्वारा तानाजी मालुसरे की शहादत पर कही गई प्रसिद्ध पंक्ति – गढ़ आला, पण सिंह गेला”- को भी विशेष रूप से दर्शाया जाएगा। इतिहास के अनुसार, 1670 में कोंढाणा किले की विजय के बाद शिवाजी महाराज ने यह भावुक वाक्य कहा था और बाद में किले का नाम सिंहगढ़ रखा गया था।

