भोपाल 8 अप्रैल (आरएनएस)। पॉलिटेक्नीक चौराहा पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यकर्ताओं ने कॉलेज व छात्रावास के पास शराब दुकान संचालित के विरोध मेंबुधवार दोपहर जोरदार प्रदर्शन किया। राजा भोज सेतू से पॉलिटेक्नीक चौराहा तक का रास्ता जाम कर दिया गया, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हुई। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, लेकिन प्रदर्शन धीरे-धीरे उग्र होता गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं का गुस्सा बढ़ गया और उन्होंने शराब दुकान के बोर्ड पर चढ़कर उसे फाड़ दिया। इतना ही नहीं, दुकान पर पथराव भी किया गया और उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। इस दौरान ट्रैफिक खुलवाने में लगे प्रशासनिक अमले और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई।
एबीवीपी की केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य शालनी वर्मा ने आरोप लगाया कि पॉलिटेक्नीक चौराहा स्थित शराब दुकान, एमएलबी गल्र्स कॉलेज और एसवी को-एड कॉलेज जैसे शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि यह नियमों का सीधा उल्लंघन है और इसमें प्रशासन की मिलीभगत साफ नजर आती है।
एबीवीपी का कहना है कि हाल ही में इस क्षेत्र में दो छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आई हैं। संगठन का आरोप है कि शराब पीकर निकलने वाले लोग छात्राओं को निशाना बनाते हैं, जिससे उनकी सुरक्षा खतरे में है। यही कारण है कि छात्रों में आक्रोश बढ़ा और आंदोलन उग्र हो गया।
शालनी वर्मा ने बताया कि एबीवीपी ने पहले कई बार शांतिपूर्ण तरीके से प्रशासन को ज्ञापन देकर शराब दुकान हटाने की मांग की थी। लेकिन जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन को उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। उन्होंने कहा कि प्रशासन को पहले ही कार्रवाई करनी चाहिए थी।
मामले में एसडीएम भुवन गुप्ता ने बताया कि एबीवीपी कार्यकर्ताओं से बातचीत की गई है और उनकी बातों को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।

