भोपाल 8 अप्रैल (आरएनएस)।कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा को लेकर अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करने पर असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिश्व सरमा के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को भोपाल के प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने महिला कांग्रेस ने महासचिव रूपाली शर्मा के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन कर डॉ. हिमंत बिश्व सरमा का पुतला दहन किया। इस दौरान महिला नेत्रियों ने सरमा पर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति का अपमान करने का आरोप लगाया।
गौरतलब है कि असम में एक पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री सरमा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया था। साथ ही पूर्व में वह राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा को लेकर भी आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग कर चुके हैं। चुनावी मौसम में असम के सीएम द्वारा लगातार दिए जा रहे बयानों से महिला कांग्रेस में खासी नाराजगी हैं।
पुतला दहन करने के बाद महासचिव रूपाली शर्मा ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री के बयानों से ओछी मानसिकता छलक रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ उनके द्वारा जो अपमानजनक बातें की जा रही है वह बर्दाश्त योग्य नहीं है, उन्हें शर्म आनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री के संवैधानिक पद पर बैठे हुए हैं। उन्हें उस पद पर बैठे होते हुए इस तरह की बातें करना क्या शोभा देता है। रूपाली शर्मा ने कहा कि असम में इस वक्त चुनाव चल रहे हैं। जल्दी ही चुनाव परिणाम आने वाले हैं। उसमें हेमंत बिश्व सरमा की कुर्सी जाने वाली है। इस बात का उन्हे भी अंदाजा हो गए है, जिसको लेकर वह बौखला गए हैं। हमने पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज करवाया है। महिला कांग्रेस की मांग है कि सीएम शर्मा इस्तीफा देकर मांगी मांगे।
अन्य महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से कहा कि असम के मुख्यमंत्री का बयान न केवल एक वरिष्ठ जननेता का अपमान है, बल्कि यह देश की समृद्ध सामाजिक मर्यादाओं और सम्मानजनक संवाद की लोकतांत्रिक परंपरा पर भी एक गहरा आघात है। एक संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति की ऐसी असभ्य भाषा उनकी संकीर्ण और दलित विरोधी मानसिकता को उजागर करती है। हम इस अपमानजनक टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हैं। जब तक असम के मुख्यमंत्री माफी नहीं मांगते और बीजेपी अपनी इस दलित विरोधी सोच को नहीं बदलती, हमारा संघर्ष सड़क से सदन तक जारी रहेगा।

