भोपाल 8 अप्रैल (आरएनएस)।मध्य प्रदेश में यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश सरकार द्वारा इसकी तैयारी शुरू करने के संकेतों के बीच मंत्री विश्वास सारंग और विधायक रामेश्वर शर्मा के बयान सामने आए हैं।
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि देश में एकरूपता बेहद जरूरी है और यह वर्तमान के साथ-साथ आने वाली पीढिय़ों के भविष्य के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कानून सभी नागरिकों के लिए समान होना चाहिए और इसमें जाति-धर्म के आधार पर कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए। सारंग ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने हमेशा विघटन की राजनीति की है और जाति-धर्म के आधार पर समाज को बांटने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अल्पसंख्यकों को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया, जबकि सरकार अब उस गलती को सुधारने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि देश में एकरूपता आएगी तो विकास तेज होगा।
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने मुख्यमंत्री के इस कदम का पुरजोर समर्थन करते हुए कहा कि मैं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी को बधाई देता हूं। देश में लगातार जनसंख्या वृद्धि हो रही है और एक कौम 5 बीवी और 25 बच्चे पैदा करके आबादी का नया संकट खड़ा करना चाहती है। यूसीसी लागू होने से इस संकट से निपटा जा सकेगा। उन्होंने आगे कहा कि जब देश में सभी को समान शिक्षा, समान रोजगार और सरकारी योजनाओं का समान लाभ चाहिए, तो कानून भी सबके लिए एक समान होना चाहिए।
कांग्रेस पर तंज कसते हुए शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का तो पुराना नारा रहा है ‘बच्चे दो ही अच्छेÓ, तो उन्हें तो यूसीसी का सबसे पहले समर्थन करना चाहिए। यह बिल प्रदेश और देश की प्रगति के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
रामेश्वर शर्मा के जनसंख्या वाले बयान पर आरिफ मसूद ने तीखी प्रतिक्रिया दी। मसूद ने कहा, एक तरफ रामेश्वर शर्मा जनसंख्या की बात कर रहे हैं, दूसरी तरफ नवनीत राणा, मोहन भागवत और आरएसएस के लोग कहते हैं कि हिंदू ज्यादा बच्चे पैदा करें। रामेश्वर शर्मा इस पर जवाब क्यों नहीं देते? क्या वे सिर्फ मियां भाइयों के बच्चे रोकना चाहते हैं और दूसरों के बढ़ाना चाहते हैं? यह दोहरा मापदंड क्या है?
मसूद ने आरोप लगाया कि सरकार चाहती है कि जनता गैस, खाद की कमी और बाढ़ की तबाही को भूलकर सिर्फ यूसीसी की बहस में उलझी रहे और सरकार के 4-6 महीने आसानी से गुजर जाएं।
यूजीसी के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगर ने कहा कि सारे समाज को ध्यान में रखकर नियम लागू होना चाहिए किसी का अपमान ना हो सभी वर्गों का सम्मान होना चाहिए।

