भोपाल 8 अप्रैल (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया को प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने आज किसान एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर कल से प्रारंभ हो रही गेहूं उपार्जन प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उपार्जन केंद्रों पर किसानों की सुविधा हेतु हेल्प डेस्क स्थापित किए जा रहे हैं तथा जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम से संपूर्ण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी। उपार्जन केंद्रों पर पम्पलेट एवं होर्डिंग के माध्यम से उपार्जन संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के इस किसान हितैषी निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया है।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने कहा कि 9 अप्रैल से शुरू हो रही गेहूं खरीदी के संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश के करीब 4 हजार उपार्जन केंद्रों पर गेहूं खरीदी (तुलाई) का कार्य प्रारंभ होगा। 9 अप्रैल से इंदौर, उज्जैन एवं भोपाल संभागों में खरीदी शुरू होगी, जबकि शेष संभागों में 15 अप्रैल से यह प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार छोटे किसानों को प्राथमिकता के आधार पर गेहूं खरीदी का लाभ दिया जाएगा।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष चावड़ा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया है कि वह 9 अप्रैल को उपार्जन केंद्रों पर पहुंचकर किसानों का पुष्पवर्षा, तिलक एवं अभिनंदन के साथ आत्मीय स्वागत कर सेवा भाव से साथ उनका सहयोग करेंगे। किसानों की किसी भी आवश्यकता पर शासन, प्रशासन एवं संगठन तीनों मिलकर तत्परता से सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि इससे किसानों में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होगा और उन्हें सम्मान एवं सहयोग का अनुभव मिलेगा। उपार्जन केंद्रों पर बेहतर व्यवस्थाओं के साथ-साथ आत्मीय स्वागत की भावना किसानों के मनोबल को बढ़ाएगी। साथ ही यह प्रयास किसान कल्याण वर्ष की भावना के अनुरूप किसानों के सम्मान, सुविधा और समृद्धि को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा। किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के इस किसान हितैषी निर्णय के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल किसानों के सम्मान और सुविधा को समर्पित है।

