बेरुत,09 अपै्रल। ईरान और अमेरिका के बीच हुए युद्धविराम को लेकर अनिश्चितता गहराती जा रही है। इजराइली सेना ने लेबनान में बीते दिन सैकड़ों मिसाइलें दागीं, जिसमें 254 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, कम से कम 1,165 लोग घायल हुए हैं। इस घातक हमले के बाद लेबनान में राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। ये हमला उसी दिन हुआ, जिस दिन ईरान और अमेरिका में युद्धविराम का ऐलान किया गया था।
इजरायल ने राजधीनी बेरूत, बेक्का वैली, माउंट लेबनान, सैदोन और दक्षिण लेबनान के कई गांवों में हमले किए। लेबनान का कहना है कि बेरूत के कई घनी आबादी वाले व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों को बिना किसी पूर्व सूचना के निशाना बनाया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि अस्पतालों में मरीजों की संख्या अत्यधिक बढ़ गई है और डॉक्टरों और नर्सों के लिए आपातकालीन अपील जारी की गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायल ने आज भी लेबनान के पूर्वी कस्बों अल-शेख और मेइफादौन और दक्षिणी कस्बों कुनिन और अली अल-ताहिर हाइट्स पर हमले किए हैं। शुरुआती रिपोर्टों में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। दक्षिणी बेरूत के उपनगर चियाह और दक्षिण में स्थित अल-दुवैर कस्बे में भी इजरायली हमलों की खबर है। यहां इमारतें मलबे में तब्दील हो गई हैं। कई इमारतों की दीवारों और खिड़कियों को भारी नुकसान पहुंचा है।
लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने कहा कि इजरायली हत्या मशीन को रोकने के लिए लेबनान के सभी राजनीतिक और कूटनीतिक संसाधनों को जुटा दिया है। वहीं, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि लेबनान, अमेरिका और ईरान के बीच हुए संघर्ष-विराम का हिस्सा नहीं है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी इसी रुख को दोहराते हुए कहा कि हमने कभी ऐसा कोई वादा नहीं किया था।
लेबनान में राष्ट्रीय शोक दिवस घोषित करने के बाद सार्वजनिक संस्थानों को बंद कर दिया गया है और झंडे झुका दिए गए हैं। इराक के प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी और फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों ने लेबनान पर हुए हालिया हमलों को दर्दनाक हमले बताया और नागरिकों की सुरक्षा के लिए हिंसा को रोकने की तत्काल आवश्यकता पर जोर दिया है। फ्रांस के विदेश मंत्री जीन नोएल बैरोट ने युद्धविराम में लेबनान को भी शामिल करने की मांग की है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

