तेहरान,09 अपै्रल। अमेरिका और ईरान के बीच 2 हफ्ते के लिए हुए युद्धविराम के बीच इजरायल ने लेबनान पर हमला जारी रखा, जिसमें 250 से अधिक लोगों की जान गई है। इससे नाराज ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही एक बार फिर बंद कर दी है और अमेरिका पर अविश्वास गहराने की बात कही है। ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बागेर गलिबाफ ने कहा कि ऐसी स्थिति में दोतरफा युद्धविराम और बातचीत सही नहीं है।
गलिबाफ ने बयान में कहा कि बातचीत शुरू होने से पहले 10-सूत्रीय प्रस्ताव के 3 मुख्य बिंदुओं का उल्लंघन हुआ है। उन्होंने कहा कि अमेरिका पर ईरान का जो गहरा ऐतिहासिक अविश्वास है, वह उसके वादों के बार-बार उल्लंघन से पैदा हुआ है, और यह पैटर्न फिर दोहराया गया है। उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को याद दिलाया कि उन्होंने ट्रुथ पर ईरान के 10-सूत्रीय प्रस्ताव को बातचीत करने लायक आधार बताया था और अब इसके 3 बिंदु तोड़े गए हैं।
गलिबाफ ने बताया कि 10-सूत्रीय प्रस्ताव में लेबनान में युद्धविराम की बात है, जिसका पालन नहीं हुआ, जबकि पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने भी इसका जिक्र किया था। दूसरा, ईरानी हवाई क्षेत्र में एक घुसपैठिया ड्रोन को फार्स प्रांत के लार शहर में नष्ट कर दिया गया, जो ईरानी हवाई क्षेत्र के आगे किसी भी उल्लंघन पर रोक लगाने वाले खंड का स्पष्ट उल्लंघन है। तीसरा, ईरान के परमाणु संवर्धन के अधिकार को नकारना, जो फ्रेमवर्क के 6 बिंदु में शामिल था।
युद्धविराम के बाद भी इजरायल ने लेबनान में हिज़्बुल्लाह के ठिकानों पर 100 हवाई हमले किए थे, जिनमें 250 से अधिक लोगों की जान गई थी। इसके बाद हिज्बुल्लाह ने भी इजरायल पर रॉकेट दागे हैं। इससे नाराज ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को एक बार फिर बंद कर दिया गया है। अब तक एक तेल उत्पाद टैंकर ने 180 डिग्री का मोड़ लिया और फारस की खाड़ी की ओर वापस जा रहा है।
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने राष्ट्रपति ट्रंप के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य खोल दे और अमेरिका, इजरायल और क्षेत्रीय देशों पर सभी हमले बंद कर दे। उन्होंने यह भी कहा कि दो सप्ताह का युद्धविराम लेबनान पर लागू नहीं होता है। ट्रंप ने बताया कि लेबनान को समझौते में शामिल नहीं किया गया है, क्योंकि लेबनान में हिज़्बुल्लाह आतंकवादी समूह सक्रिय है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

