भोपाल 9 अप्रैल (आरएनएस)। शादी के बीच दूल्हे ने कट्टे से हर्ष फायरिंग की। घटना का वीडियो बारातियों ने बनाकर इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया। वीडियो पुलिस तक पहुंचते ही पुलिस एक्शन मोड में आ गई। दूल्हे और उसके चाचा ससुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामला परवरिया थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, फायरिंग करने वाले दूल्हे का नाम मिस्बा खान है। वहीं, कट्टा देने वाले आरोपी का नाम असलम खान है, जो दूल्हे का चाचा ससुर है। फायरिंग में किसी को चोट नहीं आई है। दूल्हे ने हवाई फायरिंग की थी।
प्रॉपर्टी ब्रोकर का काम करने वाले मिस्बा खान की 8 अप्रैल को द डी फॉर्म हाउस में शादी थी। बारात के पहुंचते ही माहौल जश्न में बदल गया। बारातियों ने इवेंट में इस्तेमाल की जाने वाली फायर गन चलाना शुरू कर दिया।
इस दौरान दूल्हे के चाचा ससुर असलम खान ने अपने पास रखा कट्टा दूल्हे को थमा दिया। जोश और उत्साह में दूल्हे ने कट्टे से फायर कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। वीडियो में दिख रहा है कि दूल्हा डांस कर रहा है। वहीं उसके दोस्त और परिजन नोट उड़ा रहे हैं।
वायरल वीडियो के जरिए मामला पुलिस के संज्ञान में आया। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने कट्टा देने वाले आरोपी असलम खान को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि असलम खान के कब्जे से अवैध हथियार भी जब्त किया गया है। वहीं, फायरिंग करने वाला दूल्हा अभी फरार है। उसकी तलाश जारी है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

