भोपाल 9 अप्रैल (आरएनएस)। बाग उमराव दूल्हा में दिनदहाड़े फायरिंग करने वाले बदमाश दिलावर खान ने नकली पिस्टल से फायर किया था। यह पिस्टल सिर्फ आग निकालने के साथ धुंआ फैलाती है। वह लोगों को धमकाने के लिए अपने पास नकली पिस्टल रखता था। मंगलवारा पुलिस ने उसे पकड़ लिया है, क्योंकि वह एक आपराधिक मामले में पहले से ही फरार चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार दोपहर बरखेड़ी निवासी एक महिला गमी में जा रही थी। यूटर्न लेते समय उसकी एक्टिवा बाइक से टकराने से बची, इसी बात पर बाइक सवार युवक बहस करने लगा। कुछ देर बाद वह बाइक से उतरा और कमर से पिस्टल निकाल ली। यह देख महिला उससे भिड़ गई और उसे फायर करने से रोकने का प्रयास करती रही। बाद में आरोपी हवाई फायर कर भाग गया था।। इस मामले में भी सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद आरोपी दिलावर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। गुरुवार सुबह मंगलवारा पुलिस ने आरोपी दिलावर को पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी युवक ने बताया कि उसने नकली पिस्टल से फायर किया था। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। आरोपी युवक मंगलवारा थाना इलाके में हुए एक आपराधिक मामले में 2025 से फरार चल रहा था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी युवक की गिरफ्तारी की है।

