भोपाल 9 अप्रैल (आरएनएस)। अवैध नशे के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए हनुमानगंज पुलिस ने 385 नशीले इंजेक्शन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए इंजेक्शन की कीमत करीब 21 हजार रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार 8 अप्रैल की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिंधी कॉलोनी चौराहे के पास एक युवक संदिग्ध हालत में बैग लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम राहुल मिश्रा (29) निवासी सोहागपुर, जिला शहडोल बताया।
तलाशी लेने पर आरोपी के बैग से 130 इंजेक्शन और 255 ब्रुप्रेनोर्फिन हाइड्रोक्लोराइड (रेस्टिजेसिक) इंजेक्शन बरामद हुए। कुल 385 इंजेक्शन में करीब 770 एमएल नशीला पदार्थ भरा मिला। पुलिस ने जब इन इंजेक्शनों के संबंध में वैध लाइसेंस मांगा तो आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। जब्त किए गए इंजेक्शन की कीमत करीब 21 हजार रुपए आंकी गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर शहडोल में मारपीट, धोखाधड़ी सहित एनडीपीएस एक्ट के मामलों में पहले भी केस दर्ज हैं। इससे पहले भी वह नशे से जुड़े मामलो में पकड़ा जा चुका है।

