कटिहार,11 अपै्रल (आरएनएस)। बिहार के कटिहार में भीषण सड़क हादसा हुआ है. शनिवार शाम को बस और पिकअप में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई. इसमें 10 लोगों की मौत हो गई है. 25 लोग घायल हैं जिन्हें इलाज के लिए भेजा गया है. सभी पूर्णिया के रहने वाले थे. वहीं कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं. घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर, कोढ़ा थाना क्षेत्र के बसगाड़ा चौक के समीप यह घटना घटी है. बताया जा रहा है कि पिकअप में आदिवासी समुदाय के लोग थे, जो मेला देखकर लौट रहे थे. तभी तेज आवाज के साथ यह हादसा हो गया. देखते-ही-देखते लोगों की मौत हो गई.
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिकअप वैन में सवार लोग किसी धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने सामने से आकर पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वैन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही कई लोगों ने दम तोड़ दिया. इसके बाद घटना की सूचना स्थानीय कोढ़ा थाना की पुलिस को दी गई. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया. वहीं मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि बस चालक नशे में था. काफी तेज गति से वह बस चला रहा था. उसी की गलती की वजह से यह हादसा हुआ. घटना के लिए बस चालक ही जिम्मेदार है.
इधर, हादसे के बाद से लोगों का गुस्सा देखा गया. उनका कहना था कि आए दिन यहां पर हादसे होते हैं, पर पुलिस द्वारा कोई व्यवस्था नहीं की जाती है. अगर प्रशासन सजग रहे तो ऐसे हादसे यहां नहीं होंगे. कुछ देर के लिए मौके पर गहमा-गहमी का माहौल रहा.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

