भोपाल,11 अपै्रल (आरएनएस)। दस नंबर मार्केट में अतिक्रमण हटाने के दौरान एक दुकानदार ने खुद को आग लगा ली। हालांकि, आग फैलती, उससे पहले ही आसपास खड़े लोगों ने उसे बुझा दिया। इससे व्यापारी मामूली रूप से झुलस गया।
शनिवार को नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने के लिए दस नंबर मार्केट पहुंची थी। तभी यह घटनाक्रम हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अतिक्रमण प्रभारी श्रृष्टि भदौरिया व उनकी टीम अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान एक दुकानदार ने नाराजगी जताते हुए खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी।
अतिक्रमण अधिकारी श्रृष्टि भदौरिया ने बताया कि संबंधित दुकानदार नींबू पानी का ठेला लगा रहा था। जिसे पिछले 10 दिन से हटाने का बोल चुके थे। पार्किंग एरिया में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होने दिया जाता है। कई बार यहां कार्रवाई हो चुकी है। आज भी टीम कार्रवाई करने गई थी, लेकिन टीम पर दवाब बनाने के लिए दुकानदार ने यह सब किया है।
घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं, व्यापारियों में आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि कार्रवाई केवल कुछ दुकानों को चिन्हित कर की जा रही है। जिससे पक्षपात के आरोप लग रहे हैं।
आग लगाने से व्यापारी के कपड़े भी जल गए। दुकानदार को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी हालत ठीक बताई जा रही है। मामले में अतिक्रमण प्रभारी भदौरिया से चर्चा करना चाही, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।

