भोपाल,11 अपै्रल (आरएनएस)। एसडीएम डॉ. अर्चना रावत शर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को एसडीएम कार्यालय टी.टी. नगर सर्किल स्थित 12 दफ़्तर में एचपीवी टीकाकरण की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत में सभी विभागों की भूमिका और अभियान के महत्व पर प्रकाश डाला।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रितेश रावत एवं अनुविभागीय चिकित्सा अधिकारी डॉ.अनिमेष सिंह उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा एचपीवी टीकाकरण अभियान की वर्तमान प्रगति, लक्ष्य पूर्ति की स्थिति एवं आगामी रणनीति पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय बढ़ाने, लाभार्थियों की सटीक सूची तैयार करने तथा समयबद्ध टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिये।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, नगर निगम, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। इसके अतिरिक्त सरकारी एवं निजी विद्यालयों के नोडल शिक्षक भी उपस्थिति रहे,जिनके साथ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विस्तृत चर्चा की गई।
एसडीएम द्वारा टी.टी. नगर ज़ोन में एचपीवी टीकाकरण की दर बढ़ाने के लिए विशेष निर्देश दिए गए। उन्होंने विद्यालय स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने, अभिभावकों को अधिक से अधिक जानकारी उपलब्ध कराने एवं लाभार्थी बालिकाओं को समय पर टीकाकरण हेतु प्रेरित करने पर ज़ोर दिया।
बैठक के दौरान यह तथ्य सामने आया कि अनेक निजी विद्यालयों के प्रतिनिधि बैठक में बिना किसी सूचना के अनुपस्थित रहे, जो टीकाकरण अभियान के प्रति उनकी उदासीनता को दर्शाता है। इस पर कड़ी नाराजग़ी व्यक्त करते हुए एसडीएम ने निर्देश दिए कि ऐसे विद्यालयों के विरुद्ध आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाए, क्योंकि राष्ट्रीय स्तर के स्वास्थ्य कार्यक्रमों के निर्देशों की अवहेलना अनुशासनहीनता एवं जनहित की हानि है।
एसडीएम ने सभी विभागों को परस्पर सहयोग एवं समयबद्ध कार्यवाही के साथ टी.टी. नगर क्षेत्र में 100त्न एचपीवी टीकाकरण कवरेज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अभियान की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग करने और किसी भी बाधा को तुरंत दूर करने के लिए कहा गया।

