दतिया,11 अपै्रल (आरएनएस)। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने पशुपालन विभाग में संचालित शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में गंभीर लापरवाही बरतने पर मुख्य ग्राम इकाई मुरैरा, विकासखण्ड दतिया में पदस्थ सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्राधिकारी कुंवर सिंह कौर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि कौर द्वारा प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी क्षीरधारा ग्राम योजना में शून्य प्रगति दर्ज की गई। साथ ही राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम (स्नष्ठरू) के अंतर्गत मुंहपका-खुरपका बीमारी के टीकाकरण के सातवें चरण में भी शून्य उपलब्धि रही। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम (हृ्रढ्ढक्क) में भी लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं की गई।
जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि संबंधित अधिकारी द्वारा अनाधिकृत रूप से लगातार अनुपस्थित रहकर शासकीय दायित्वों की घोर उपेक्षा की गई, जिससे विभागीय कार्य प्रभावित हुए। बार-बार निर्देश एवं चेतावनी के बावजूद कार्यप्रणाली में सुधार नहीं लाया गया।
उक्त कृत्य को गंभीर अनुशासनहीनता एवं कर्तव्य के प्रति उदासीनता मानते हुए कलेक्टर वानखड़े द्वारा संबंधित अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
कलेक्टर वानखड़े ने स्पष्ट किया है कि शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आमजन से जुड़ी योजनाओं में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

