नई दिल्ली/तेहरान 12 April, (Rns) : भारत के झंडे वाला LPG जहाज ‘जग विक्रम’ सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर गया। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, यह जहाज लगभग 20,400 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर 24 नाविकों के साथ भारत आ रहा है और इसके 15 अप्रैल 2026 को मुंबई पहुंचने की उम्मीद है। जहाज ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, यह टैंकर शुक्रवार रात से शनिवार सुबह के बीच होर्मुज से गुजरा और अब यह पूर्व दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मंत्रालय ने बताया कि यह जहाज मुंबई स्थित ग्रेट ईस्टर्न शिपिंग कंपनी का है और इसकी वजन क्षमता 26,000 टन से अधिक है। ‘जग विक्रम’ मध्यम आकार का गैस वाहक जहाज है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, ‘जग विक्रम’ मार्च की शुरुआत के बाद फारस की खाड़ी से निकलने वाला नौवां भारतीय जहाज है। अभी भी लगभग 15 भारतीय ध्वज वाले जहाज इस क्षेत्र में मौजूद हैं और सुरक्षित तरीके से निकलने का इंतजार कर रहे हैं। इससे पहले पश्चिम दिशा में मौजूद 8 और पूर्व दिशा में मौजूद 2 जहाज सुरक्षित रूप से निकल चुके हैं।

