बागेश्वर,12 अपै्रल (आरएनएस)। कांडा को पृथक ब्लॉक बनाए जाने की मांग को लेकर विकासखंड संघर्ष समिति के बैनर तले चल रहा क्रमिक अनशन रविवार को 21वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन को उत्तराखंड क्रांति दल का भी समर्थन मिला। वहीं कालिका मंदिर सहित अन्य मंदिरों के पुजारी भी तपस्या पर बैठे हैं। आंदोलनकारियों ने कहा कि जब तक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से ब्लॉक गठन का लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। रविवार को भुवनचंद्र पंत की अध्यक्षता में कांडा कालिका मंदिर में बैठक हुई। उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय कोषाध्यक्ष वरुण चंदोला, जिला महामंत्री मनोज चौहान और केंद्रीय सदस्य राहुल मिश्रा ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर समर्थन दिया। इसमें संघर्ष समिति के अध्यक्ष गोविंद सिंह भंडारी के नेतृत्व में लोग एकजुट हुए। वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 1956 से कांडा को ब्लॉक बनाए जाने की मांग लगातार की जा रही है। पहले यहां ब्लॉक मुख्यालय संचालित होता था, जिसे बाद में बागेश्वर मुख्यालय में स्थानांतरित कर दिया गया, जिससे क्षेत्र की उपेक्षा हुई। उन्होंने कहा कि कांडा, कमस्यार और दुगनाकुरी क्षेत्र के सुदूर गांवों के लोगों को मुख्यालय पहुंचने में समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है। 21वें दिन अनशन पर पुजारी बब्लू कांडपाल और घटबडिय़ा गोलू मंदिर के पुजारी भास्कर जोशी भी बैठे। संचालन सचिव सुरेश रावत ने किया। इस मौके पर व्यवस्थापक आलम मेहरा, राजेंद्र गैड़ा, भगवान सिंह धपोला, गिरीश जोशी, बंशीधर कांडपाल, आनंद धपोला, हीरा सिंह कर्म्याल, हरीश कांडपाल, गंगा लाल वर्मा, दरपान सिंह धपोला, गणेश कांडपाल, बीरेंद्र नगरकोटी, प्रयाग भंडारी आदि मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

