भोपाल 12 अप्रैल (आरएनएस)। मध्य प्रदेश मुस्लिम विकास परिषद की ओर से 12 अप्रैल 2026 को शहर के होटल सीएफसी में ऑल इंडिया परिचय सम्मेलन आयोजित किया गया। सुबह 11 बजे से दोपहर 4 बजे तक चले इस कार्यक्रम में मुस्लिम समाज के युवा, तलाकशुदा और बेवा महिला-पुरुषों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य समाज में बढ़ती दहेज प्रथा और अनावश्यक रस्मों को खत्म कर सादगीपूर्ण निकाह को बढ़ावा देना रहा।
प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर शावेज सिकंदर ने बताया कि सम्मेलन के दौरान करीब 40 से अधिक लड़के-लड़कियों ने एक-दूसरे को पसंद किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज में सकारात्मक बदलाव आ रहा है और युवाओं में बिना दहेज निकाह के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।
आयोजन में वक्ताओं ने कहा कि दहेज प्रथा सामाजिक बुराई है, जिसे खत्म करना जरूरी है। सम्मेलन के जरिए सादगीपूर्ण निकाह और गैर-जरूरी रस्मों से दूरी बनाने का संदेश दिया गया। परिषद के अनुसार, इस पहल को युवाओं से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
कार्यक्रम में बताया गया कि निकाह को हजऱत मोहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) की सुन्नत के अनुसार सरल और सहज बनाया जाए। गैर-इस्लामी रस्मों को छोड़कर निकाह को आसान बनाने पर जोर दिया गया, ताकि समाज के हर वर्ग के लोग इसमें भाग ले सकें।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक संस्था टीम बी.बी.एम द्वारा 17 ऐसे लोगों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने बिना दहेज और अनावश्यक रस्मों के निकाह कर समाज के सामने मिसाल पेश की।
परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले सम्मेलनों में 400 से अधिक जोड़ों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इस पहल को समाज में लगातार समर्थन मिल रहा है और आने वाले समय में ऐसे आयोजन और बड़े स्तर पर किए जाएंगे।

