कोलकाता 13 अप्रैल (आरएनएस)। चुनाव प्रक्रिया के बीच दक्षिण कोलकाता में निगरानी एजेंसियों की कार्रवाई तेज हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) दक्षिण कोलकाता की आज शाम बताया गया है कि सुबह तक कुल आठ करोड़ 14 लाख रुपये बरामद किए जा चुके थे, जबकि आज अतिरिक्त 80 लाख रुपये और जब्त किए गए। इस तरह कुल जब्ती राशि बढ़कर आठ करोड़ 94 लाख रुपये हो गई है।
अधिकारियों के अनुसार, दक्षिण कोलकाता में अब तक चार हजार 774 पोस्टल बैलेट दर्ज किए गए हैं। वहीं, ट्रिब्यूनल अपील से जुड़े दो हजार 875 ऑफलाइन मामले भी सामने आए हैं, जिनकी प्रक्रिया जारी है। कानून-व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कोलकाता में अब तक 32 हथियार और 83 गोला-बारूद जब्त किए गए हैं। इसे चुनाव से पहले सुरक्षा व्यवस्था का अहम हिस्सा बताया गया।
मतदान व्यवस्थाओं की बात करें तो दक्षिण कोलकाता में कुल एक हजार 93 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 400 से अधिक बूथ को संवेदनशील और अति-संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है, जहां अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि दक्षिण कोलकाता में ऊंची इमारतों (हाईराइज) में भी मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें आशा कॉर्पोरेट और साउथ सिटी में स्थित बूथ शामिल हैं, जो रासबिहारी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं। सुरक्षा के मद्देनजर दक्षिण कोलकाता में 30 कंपनियां केंद्रीय अर्धसैनिक बल (सीएपीएफ) की तैनात की गई हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई जा सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

