भोपाल 13 अपै्रल (आरएनएस)।ईंटखेड़ी में शराब दुकान के विरोध में जिला पंचायत उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट खुद धरने पर बैठ गए हैं। ग्रामीणों ने पहले दुकान का शटर गिराया, फिर मौके पर टेंट लगाकर भजन-कीर्तन शुरू कर दिया। ग्रामीणों और मोहन सिंह जाट ने कुछ दिन पहले कलेक्टर को आवेदन देकर दुकान हटाने की मांग की थी। लेकिन सोमवार तक कार्रवाई नहीं होने पर दोपहर 12 बजे से दुकान के सामने ही प्रदर्शन शुरू कर दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि यह शराब दुकान भैंरोपुरा, कल्याणपुरा और खामखेड़ा जाने वाले रास्ते पर है। दुकान के सामने ही लोग बैठकर शराब पीते हैं, जिससे आने-जाने वालों, खासकर महिलाओं और बच्चों को परेशानी होती है।
जाट ने कहा कि दुकान के कारण असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है।
ग्रामीणों ने साफ कहा है कि जब तक शराब दुकान नहीं हटेगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। दुकान को खुलने भी नहीं दिया जाएगा।

