भोपाल 13 अप्रैल (आरएनएस)।निजी फायनेंस की महिला कर्मचारी का आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने वाले चार लोगों के खिलाफ मिसरोद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों ने यह वीडियो पहले आपस में शेयर किया था। इतना ही नहीं आरोपियों ने वीडियो को कंपनी के प्रबंधन को भी भेज दिया था।
महिला को वीडियो के बारे में तब पता चला जब प्रबंधन की ओर से नोटिस देकर वीडियो के बारे में स्पष्टीकरण मांगा गया, जिसके बाद पीडि़ता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक 40 वर्षीय महिला नर्मदापुरम रोड स्थित एक निजी फायनेंस कंपनी में जॉब करती है। पिछले साल उन्हें प्रबंधन की ओर से स्पष्टीकरण नोटिस मिला था। इस नोटिस के साथ ही एक वीडियो भी दिया गया था। इस वीडियो में पिछले साल अप्रैल के महीने में कंपनी के ही एक कर्मचारी को गले लगाकर उसे किस करती हुई दिख रही थीं।
यह पूरा फुटेज कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ था। प्रबंधन का कहना था कि कंपनी के कार्यालय परिसर में इस तरह की हरकत पर क्यों न आपके खिलाफ कार्रवााई की जाए। यह नोटिस मिलने के बाद महिला ने वीडियो प्रबंधन तक पहुंचाने यानी वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ मिसरोद थाने में शिकायत कर दी।
शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने इस मामले में भगवत दांगी, मनीष, गणेश व हंसराज के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपियों में दो कंपनी के ही कर्मचारी हैं जबकि एक पूर्व कर्मचारी है। चौथा आरोपी कैमरा ऑपरेटर है।

