दतिया 13 अप्रैल (आरएनएस)।नारी शक्ति वंदन अभियान के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया।
कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े द्वारा चयनित महिलाओं को शॉल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर कलेक्टर वानखड़े ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं और अपने उत्कृष्ट कार्यों से समाज एवं प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि नारी सशक्तिकरण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज के समग्र विकास का आधार है।
कलेक्टर ने कहा कि महिलाओं के योगदान को पहचान देने एवं उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में नारी शक्ति वंदन अभियान का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 10 अप्रैल से 25 अप्रैल तक संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं को सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी महिलाओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अक्षय कुमार तेम्रवाल समेत जिले के अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

