लखनऊ 14 अप्रैल (आरएनएस )। मायावती के नेतृत्व में बहुजन समाज पार्टी द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर मायावती ने सभी लोगों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।जारी प्रेस विज्ञप्ति में मायावती ने अपने संदेश में कहा कि देश में सत्ता में सामंती एवं जातिवादी सोच तथा अन्याय और शोषणकारी तत्वों के प्रभाव के कारण बाबा साहेब का सर्वजन-हितैषी एवं बहुजन-कल्याणकारी संविधान अपने मूल उद्देश्यों को पूरी तरह प्राप्त नहीं कर पा रहा है। उन्होंने कहा कि देश में ऐसा अनुपम संविधान होने के बावजूद करोड़ों बहुजन परिवार आज भी गरीबी, बेरोजगारी, जातिवादी द्वेष और असमानता से पूरी तरह मुक्त नहीं हो सके हैं, जिस पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है।मायावती ने कहा कि अम्बेडकर जयंती के अवसर पर बहुजन समाज की सुरक्षा, सम्मान और विकास का आकलन किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब की ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखायÓ की नीति को लागू करने के लिए उनके सिद्धांतों पर चलने वाली सरकारों की आवश्यकता है।इस अवसर पर लखनऊ स्थित बीएसपी के केंद्रीय कैम्प कार्यालय 9 माल एवेन्यू में मायावती ने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के प्रयासों से ही देश के उपेक्षित और वंचित वर्गों को आत्मसम्मान तथा प्रत्येक नागरिक को एक वोट के समान अधिकार का संवैधानिक हक प्राप्त हुआ, जिसके लिए देश सदैव उनका कृतज्ञ रहेगा।प्रेस विज्ञप्ति में यह भी उल्लेख किया गया कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न मंडलों से बड़ी संख्या में लोग परिवार सहित गोमती नदी तट पर स्थित डॉ. भीमराव सामाजिक परिवर्तन स्थल पहुंचकर ‘डॉ. अम्बेडकर स्मारकÓ में बाबा साहेब को श्रद्धासुमन अर्पित कर रहे हैं। वहीं अन्य राज्यों में भी बीएसपी पदाधिकारियों की मौजूदगी में जोन स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि दी गई। मायावती ने अपने संदेश में कहा कि अम्बेडकर जयंती को केवल श्रद्धांजलि तक सीमित न रखते हुए सरकारों को बहुजन समाज की सुरक्षा, सम्मान और विकास की स्थिति का गंभीर मूल्यांकन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारों का दायित्व है कि वे गरीबी, बेरोजगारी और सामाजिक पिछड़ेपन को दूर कर नागरिकों को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराएं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

