लखनऊ, 14 अप्रैल (आरएनएस ) । आम आदमी पार्टी ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में व्यापक स्तर पर विचार गोष्ठी, माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए। लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लेकर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की मूल भावना की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने कहा कि बाबा साहेब ने शिक्षा को सामाजिक बदलाव का सबसे बड़ा हथियार बताया और समाज को संगठित एवं जागरूक बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जब तक समाज शिक्षित नहीं होगा, तब तक समानता और अधिकार की लड़ाई अधूरी रहेगी। उन्होंने बाबा साहेब के कथन शिक्षा शेरनी का वह दूध है जो जितना पियेगा उतना दहाड़ेगा का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही समाज को सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य कर बाबा साहेब के सपनों को साकार करने का प्रयास किया है और इस मॉडल को पूरे देश में लागू किया जाना चाहिए।निवर्तमान प्रदेश महासचिव दिनेश पटेल ने कहा कि बाबा साहेब का शिक्षित बनो, संगठित रहो का संदेश आज भी समाज को आगे बढ़ाने का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि संविधान के माध्यम से बाबा साहेब ने महिलाओं, दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों को बराबरी का अधिकार दिलाया। उनकी 135वीं जयंती पर यह संकल्प लेने की आवश्यकता है कि उनके दिखाए मार्ग पर चलकर एक समावेशी और न्यायपूर्ण भारत का निर्माण किया जाए।प्रदेश शिक्षक प्रकोष्ठ अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष और शिक्षा के महत्व का सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने उच्च शिक्षा प्राप्त कर दबे-कुचले वर्गों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। आज भी समाज में असमानता और भेदभाव को समाप्त करने के लिए शिक्षा को सबसे प्रभावी माध्यम बनाना होगा।लखनऊ जिलाध्यक्ष इरम रिज़वी ने कहा कि बाबा साहेब ने देश को लोकतंत्र की जो ताकत दी, उसे कमजोर करने की साजिशें लगातार हो रही हैं। उन्होंने कहा कि संविधान की मूल भावना—समानता, न्याय और भाईचारा—की रक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक को आगे आना होगा। जब तक दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समाज को उनका पूरा अधिकार और सम्मान नहीं मिलेगा, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा और आम आदमी पार्टी इसे सड़क से संसद तक मजबूती से उठाती रहेगी।कार्यक्रम के अंत में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बाबा साहेब के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करें और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, सम्मान और समान अवसर पहुंचाने के लिए अपने प्रयास तेज करें।इस अवसर पर रुहेलखंड प्रांत अध्यक्ष इंजीनियर मोहम्मद हैदर, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष शकील मलिक, बीएन खरे, अंशुल यादव, अनित रावत, नूर सिद्दीकी, ललित वाल्मीकि, तुषार श्रीवास्तव, ज्ञान सिंह, इस्मा जहीर, रीता सिंह, मोहम्मद तकी, अनुज पाठक, मनोज मिश्रा, अंकित परिहार, रानी कुमारी, बलराम साहनी, ज्ञान सिंह कुशवाह, विनोद विश्वकर्मा, सुधीर पटेल, नीरज गुप्ता, संतोष, धीरज सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

