प्रयागराज 14 अप्रैल (आरएनएस)। बेटी की शादी का कार्ड बांटने जा रहे एक व्यक्ति की मार्ग दुर्घटना में मौत हो गई। घटना घूरपुर थाना क्षेत्र के गौहनिया- करछना मार्ग पर
मंगलवार की सुबह हुई। बताया जाता है कि डंपर को ओवरटेक करने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिसके बाद डंपर का पिछला पहिया अधेड़ के सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। करमा चौकी इंचार्ज राजेश राय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव कब्जे में लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मेजा थाना क्षेत्र के पकरी सेवार रामनगर निवासी 53 वर्षीय राजमणि यादव पुत्र हरिबरन यादव अपनी छोटी बेटी की शादी का कार्ड बांटने के लिए मंगलवार सुबह बाइक से निकले थे। वह अपनी बड़ी बेटी के ससुराल जारी बाजार जा रहे थे। बताया गया कि घूरपुर क्षेत्र के करमा चौकी अंतर्गत हथिगन गांव के पास डंपर को ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रही बाइक से बचने के प्रयास में संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान डंपर का पिछला टायर उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
राजमणि के तीन बेटे और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, छोटी बेटी की शादी 30 अप्रैल को होनी है। शादी की तैयारियों के बीच हादसे से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी घूरपुर दिनेश सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

