प्रयागराज 14 अप्रैल (आरएनएस)। कमिश्नरेट पुलिस द्वारा मिशन शक्ति विशेष अभियान फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के तहत नगर जोन के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान महिला बीट अधिकारियों, एंटी रोमियो टीम और महिला सुरक्षा से जुड़े विशेष दलों ने विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों तथा सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
यह अभियान पुलिस आयुक्त व अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त नगर व अपर पुलिस उपायुक्त नगर के पर्यवेक्षण में चलाया गया। पुलिस टीमों ने गांवों, कस्बों और सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण कर चौपाल के माध्यम से महिलाओं व बालिकाओं से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही सुरक्षा संबंधी जानकारी देते हुए पम्पलेट भी वितरित किए गए।
इस दौरान महिलाओं को वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, एम्बुलेंस सेवा 108, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102 और साइबर हेल्पलाइन 1930 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों के बारे में अवगत कराया गया।
अभियान के तहत एंटी रोमियो टीमों ने बस अड्डों, प्रमुख बाजारों, चौराहों, मंदिरों और अन्य सार्वजनिक स्थलों के आसपास गश्त कर सघन चेकिंग भी की। इस दौरान बिना कारण घूम रहे शोहदों की जांच कर उन्हें सख्त चेतावनी दी गई।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

