धरना स्थल पर बाबा साहब अंबेडकर और आर्यभट्ट की जयंती मनाकर सामाजिक न्याय व समानता का लिया संकल्प
प्रयागराज 14 अप्रैल (आरएनएस)। ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में सीवर लाइन और सड़क निर्माण कार्यों में अनियमितताओं के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) का अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। धरने के दौरान कार्यों में भ्रष्टाचार, मानकों की अनदेखी और अव्यवस्थित निर्माण को लेकर किसानों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह के नेतृत्व में धरना स्थल पर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर और महान गणितज्ञ आर्यभट्ट की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, मजदूर, महिलाएं और युवाओं ने भाग लिया तथा सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया।
धरने में शामिल लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्यों में भारी भ्रष्टाचार हो रहा है और बिना योजना के काम किया जा रहा है। पहले सड़क बनाई जाती है और फिर उसे तोड़कर सीवर लाइन डाली जा रही है, जिससे जनता को दोहरी परेशानी झेलनी पड़ रही है। अधूरे कार्यों और जगह-जगह गहरे गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। साथ ही संबंधित अधिकारियों की लापरवाही और जवाबदेही की कमी भी सामने आ रही है।
भाकियू पदाधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी और सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग हो रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन ने बताया कि 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे धरना स्थल पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें 16 अप्रैल को नगर आयुक्त कार्यालय पर प्रस्तावित बड़े आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।
धरना स्थल पर युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह के नेतृत्व में मंजू पाठक, सुषमा पाल, पूनम, पंकज पासी, एडवोकेट मोहम्मद तारिक, परमेश निषाद, शुभम तिवारी, आशु पासी, दितिन, अमित सहित बड़ी संख्या में किसान, मजदूर और महिलाएं मौजूद रहीं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

