किसान ने खेत गिरवी रखकर दी रकम
प्रयागराज 14 अप्रैल (आरएनएस)। मऊआइमा थाना क्षेत्र में पुलिस भर्ती के नाम पर एक किसान से 7 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने जालसाजी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मऊआइमा थाना क्षेत्र के ग्राम छाता निवासी श्यामलाल बिंद ने बताया कि उनका पुत्र राम मूरत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। वर्ष 2023 में एक परिवार ने उनके बेटे को पुलिस में भर्ती कराने का प्रलोभन दिया और आश्वासन दिया कि उसका चयन आसानी से हो जाएगा।
श्यामलाल बिंद के अनुसार, उन्होंने अपने बेटे को नौकरी दिलाने के लिए अपनी गरीबी के बावजूद अपना खेत गिरवी रखकर जालसाजों को 7 लाख रुपये दिए थे। जब उनके बेटे की पुलिस में भर्ती नहीं हुई, तो जालसाजों ने जल्द ही ज्वाइनिंग लेटर आने का बहाना बनाया। काफी समय बीत जाने पर जब श्यामलाल ने अपने पैसे वापस मांगे, तो उन्हें टालमटोल किया जाने लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि 6 अगस्त 2025 को मऊआइमा थाने में शिकायत देने पर समझौता हुआ था कि पैसे वापस कर दिए जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। पैसे मांगने पर उन्हें गालियां और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
आखिरकार, थक-हारकर श्यामलाल ने पुलिस आयुक्त से लिखित शिकायत की। पुलिस आयुक्त के आदेश पर मऊआइमा पुलिस ने ग्राम देवगलपुर निवासी अनिल कुमार यादव और उसके अज्ञात परिजनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसीपी फूलपुर विवेक यादव ने बताया कि पीडि़त की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

