कोलकाता 14 अप्रैल (आरएनएस)। भांगड़ में भाजपा प्रत्याशी जयंत गाएन के घर मंगलवार सुबह अचानक तृणमूल उम्मीदवार शौकत मोल्ला पहुंच गए। भाजपा प्रत्याशी की मां ने शौकत के सिर पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद भी दिया। इस घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही आईएसएफ और माकपा ने भाजपा-तृणमूल के बीच सेटिंग होने का आरोप लगाया। हालांकि शौकत मोल्ला ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। विधानसभा चुनाव के माहौल में पूरे राज्य में तृणमूल और भाजपा नेतृत्व एक-दूसरे पर लगातार हमला बोल रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लगातार तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी और पार्टी के नेता अभिषेक बनर्जी पर निशाना साध रहे हैं, वहीं ममता और अभिषेक भी पलटवार कर रहे हैं।
इस बीच भांगड़ में शौकत मोल्ला मंगलवार सुबह अचानक भाजपा प्रत्याशी जयंत गाएन के घर पहुंच गए, जहां दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। इस मामले को लेकर माकपा और आईएसएफ का आरोप है कि भाजपा उम्मीदवार जयंत गाएन और शौकत मोल्ला के बीच लंबे समय से परिचय है। बताया जा रहा है कि जयंत के भाई तृणमूल के बूथ अध्यक्ष हैं और उनकी बहन पंचायत प्रमुख हैं। यह भी आरोप है कि जयंत ने अब तक भाजपा के पक्ष में जोरदार प्रचार नहीं किया है और मीडिया के सामने भी तृणमूल के खिलाफ कोई तीखी टिप्पणी नहीं की। इस वजह से विपक्षी दल पहले भी सवाल उठाते रहे हैं। मंगलवार की इस घटना के बाद एक बार फिर भाजपा-तृणमूल के बीच गंठजोड़ के आरोप सामने आए हैं। हालांकि शौकत मोल्ला ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि भाजपा प्रत्याशी की मां तृणमूल की महिला नेता हैं। उन्होंने कहा कि क्या मैं अपनी महिला नेता के घर नहीं जाऊंगा? हम मर जाएंगे, लेकिन भाजपा के साथ किसी तरह की गंठजोड़ नहीं करेंगे। हमारी राजनीति में ऐसी संस्कृति नहीं है। दरअसल नौशाद सिद्दीकी, अब्बास सिद्दीकी और हुमायूं कबीर जैसे नेताओं की भाजपा के साथ सम्बन्ध है। तृणमूल कभी भी भाजपा के साथ समझौता नहीं करेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

