सुलतानपुर 15 अप्रैल आरएनएस )। नगर पालिका परिषद सुलतानपुर के मुख्य कार्यालय परिसर स्थित शहीद सुन्दरलाल पार्क में बुधवार को एक गरिमामय शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल ने की जबकि उपजिलाधिकारी सदर विपिन कुमार द्विवेदी ने नामित सदस्यों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य शैलेन्द्र प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
समारोह में शासन द्वारा नामित पांच सदस्यों रणजीत सिंह सन्त, प्रदीप जायसवाल, रवि अग्रहरि, रेनू सिंह और मदन सोनकर को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। अपने संबोधन में पालिकाध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के नगर विकास अनुभाग-6, लखनऊ की अधिसूचना के तहत इन सदस्यों को नामित किया गया है। उन्होंने कहा कि नए सदस्यों के जुडऩे से नगर पालिका की कार्यक्षमता और जनसेवा का दायरा और मजबूत होगा। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारते हुए सुलतानपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सभी मिलकर कार्य करेंगे। कार्यक्रम के अंत में अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र सरोज ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। समारोह का संचालन सभासद प्रवीण मिश्र और दिनेश चौरसिया ने किया। इस मौके पर भाजपा के पदाधिकारी, नगर के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

