पड़ोसियों ने घेरा तो बदमाशों ने ताना तमंचा, धमकी देकर फरार
प्रयागराज 15 अप्रैल (आरएनएस)। बसपा सरकार में राज्य मंत्री रहे और वर्तमान में भाजपा नेता बाबूलाल भंवरा के समधी के घर से चोर 18 लाख का माल ले उड़े। मंगलवार देर रात आहट मिलने पर पड़ोसियों ने चोरों को घेरने की कोशिश की तो उन्होंने असलहा तान दिया। इसके बाद गोली मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। घटना झूंसी थाना क्षेत्र में हुई।
नवाबगंज के रहने वाले बाबूलाल भंवरा बसपा सरकार में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री रहे। 2024 में उन्होंने भाजपा ज्वाइन कर ली। झूंसी के हवेलिया में रहने वाले कमला शंकर सरोज पूर्व राज्य मंत्री के समधी हैं। कमला शंकर सरोज की बेटी पूर्व राज्यमंत्री की बहू है। वह पीडब्ल्यूडी के कॉन्ट्रैक्टर हैं। पूर्व राज्य मंत्री ने बताया, 12 अप्रैल को समधी के पिता का निधन होने के कारण पूरा परिवार गांव चला गया था। इस दौरान उनके मकान में ताला बंद था। इसी बात की भनक बदमाशों को लग गई और उन्होंने मौके का फायदा उठाते हुए देर रात करीब एक बजे घर पर धावा बोल दिया।
बदमाशों ने पहले मुख्य गेट का ताला तोड़ा और फिर अंदर घुसकर कमरों की तलाशी शुरू कर दी। घर में रखी अलमारियों और लॉकर को खंगालते हुए नकदी, जेवरात समेत करीब 18 लाख रुपये का सामान समेट लिया। इसमें 2.26 लाख कैश और जेवर शामिल हैं।
घटना के दौरान पड़ोस में रहने वाले लखनऊ में तैनात एक दरोगा ड्यूटी से वापस लौटे। घर के पास हलचल और आवाजें सुनकर उन्हें शक हुआ। उन्होंने तुरंत अपने परिवार और आसपास के लोगों को बुलाया।
जब लोगों ने बदमाशों को घेरने की कोशिश की, तो वे भागने लगे। इसी दौरान एक बदमाश ने पलटकर असलहा निकाल लिया और सीधे लोगों की ओर तान दिया। अचानक सामने हथियार देख लोग ठिठक गए और डर के कारण पीछे हट गए। इसका फायदा उठाकर बदमाश मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि रातभर पुलिस सिर्फ खानापूर्ति करती रही। न तो मौके पर डॉग स्क्वाड बुलाया गया और न ही फॉरेंसिक टीम पहुंची। सुबह तक भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी फैल गई।
वारदात की जानकारी मिलते ही पूर्व मंत्री बाबूलाल भंवरा का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने सीधे पुलिस कमिश्नर को फोन कर पुलिस की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई और जल्द से जल्द बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग की। इस मामले में झुंसी एसएचओ से बात करने का प्रयास किया लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

