रौनक कुमार शंकर
पश्चिम मेदिनीपुर 15 अप्रैल (आरएनएस)। बंगाली नववर्ष के मौके पर पश्चिम मेदिनीपुर के खडग़पुर में चुनावी माहौल उत्सव में बदलता नजर आया। एक ओर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार दिलीप घोष भक्ति संगीत की धुन पर झूमते दिखे, तो दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी प्रदीप सरकार ने रवींद्र संगीत के जरिए लोगों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। नववर्ष के अवसर पर भाजपा द्वारा आयोजित ‘परिवर्तन यात्राÓ के दौरान दिलीप घोष खडग़पुर शहर में खोल-कीर्तन और हरे कृष्ण हरे राम के संकीर्तन की धुन पर नाचते हुए नजर आए। यह पदयात्रा शहर के कॉलेज इलाके से शुरू होकर इंदा तक पहुंची। इस दौरान उन्होंने राहगीरों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और आम लोगों, कार्यकर्ताओं व समर्थकों के साथ मिलकर उत्साहपूर्वक नृत्य किया। वहीं दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार प्रदीप सरकार ने महान कवि रवीन्द्रनाथ टैगोर की तस्वीर के साथ रवींद्र संगीत बजाकर अपने चुनावी अभियान की शुरुआत की। उन्होंने लोगों को मिष्ठान खिलाकर नववर्ष की बधाई दी और सांस्कृतिक अंदाज़ में जनसंपर्क किया। खडग़पुर शहर में एक ही दिन दो अलग-अलग सांस्कृतिक रंगों में रंगे इन चुनावी अभियानों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। एक तरफ भक्ति संगीत और कीर्तन के साथ भाजपा का प्रचार, तो दूसरी ओर रवींद्र संगीत के जरिए तृणमूल का संदेश—दोनों ही अंदाज शहरवासियों के बीच चर्चा का विषय बने रहे। बंगाली नववर्ष की सुबह खडग़पुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी और सांस्कृतिक रंगों का यह अनोखा संगम देखने को मिला।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

