रायपुर, 15 अप्रैल (आरएनएस)। सूर्यदेव उगलने लगे आग, डिग्री के पार पहुंचा रायपुर का तापमान,गर्मी ने अब अपना तेवर दिखाना शुरु कर दिया है। बीते 3 दिनों से तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित होने लगा है। बुधवार को अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। लोग धूप में घरों से बाहर निकलने से परहेज करने लगे हैं। तेज गर्मी का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पडऩे लगा है।
छत्तीसगढ़ में अप्रैल के महिने में ही जून वाली गर्मी पड़ रही है. वहीं मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि आने वाले दिनों में गर्मी के तेवर और भी कड़े होंगे. अगले चार दिनों के भीतर प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की भारी बढ़ोतरी होने की संभावना है।
यानी जो शहर अभी 40 डिग्री के आसपास हैं, वहां पारा 44 डिग्री के करीब पहुंच सकता है. प्रदेश में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है.
इन तीन संभागों में चलेगी लू
मौसम विभाग के मुताबिक, आज से प्रदेश के तीन संभागों, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग के कुछ इलाकों में हीट वेव चलने की संभावना है। फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह से शुष्क बना हुआ है और आने वाले दो दिनों तक बारिश की कोई गुंजाइस नहीं है। प्रदेश में कोई भी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है, जिस वजह से छत्तीसगढ़ में तपिश और बढऩे वाली है।
राजधानी रायपुर सबसे गर्म
फिलहाल प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान राजधानी रायपुर का रहा है, यहां तापमान 41.2 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं, सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 17.9 डिग्री रहा. अब उत्तर छत्तीसगढ़ के इलाकों में भी गर्मी तेजी से बढऩे वाली है. आज रायपुर का आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंच सकता है.
जानें अन्य शहरों का हाल
रायपुर में 41.2 डिग्री,
बिलासपुर में 40.5 डिग्री,
राजनांदगांव में 39.4 डिग्री,
दुर्ग में 39.0 डिग्री,
जगदलपुर में 38.9 डिग्री,
अंबिकापुर में 36.8 डिग्री तापमान दर्ज किया।
ऐसा रहा शहरों में नजारा
अचानक बढ़ी गर्मी के कारण दोपहर के समय चिलचिलाती धूप में लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। तेज धूप से बचने के लिए लोग छांव की तलाश करते नजर आए। जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं और चेहरे को गमछे या तौलिये से ढंककर चल रहे हैं। शादी का सीजन होने के बावजूद लोग दिन में लोग कम ही घर से निकल रहे हैं। खरीदारी के लिए शाम का समय वे मार्केट में पहुंच रहे हैं।
गर्मी के असर से लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रभाव दिखने लगा है। अस्पतालों में डिहाइड्रेशन और गर्मी से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
एसएस
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

