रायपुर, 02 जुलाई (आरएनएस)। जून में मानसून की कमजोर रफ्तार ने छत्तीसगढ़ में बारिश का बड़ा घाटा छोड़ दिया। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार एक से 30 जून तक प्रदेश में औसतन 66.5 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि सामान्य वर्षा 193.5 मिमी रहती है। इस तरह पूरे प्रदेश में 66 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई, जिसे ‘लार्ज डेफिसिएंटÓ श्रेणी में रखा गया है। राजधानी में केवल 44.1 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य 165.8 मिमी की तुलना में 73 प्रतिशत कम है।
बिलासपुर, कोरिया, राजनांदगांव, बेमेतरा और कोरबा सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल रहे। मौसम विभाग ने हालांकि जुलाई के पहले सप्ताह में राहत के संकेत दिए हैं। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से प्रदेश में मानसून दोबारा सक्रिय होने की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में सबसे ज्यादा बारिश की कमी
बिलासपुर में जून के दौरान सिर्फ 22.9 मिमी बारिश हुई। जबकि सामान्य आंकड़ा 151.6 मिमी है। यहां 85 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। कोरिया में 20.5 मिमी के मुकाबले सामान्य 128.5 मिमी बारिश होती है, जिससे 84 प्रतिशत की कमी रही। राजनांदगांव में 26.7 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि सामान्य 163.9 मिमी है।
बेमेतरा में 27.4 मिमी के मुकाबले सामान्य 138.8 मिमी और कोरबा में 32.1 मिमी के मुकाबले 161.3 मिमी बारिश दर्ज हुई। सरगुजा में 38.6 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य 168.2 मिमी से 77 प्रतिशत कम है। मौसम विभाग के अनुसार लंबे ब्रेक मानसून और कमजोर सिस्टम से यह स्थिति बनी। 30 जून को पूरे प्रदेश में सक्रिय हुआ मानसून: मौसम विभाग ने बताया कि 30 जून को दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे छत्तीसगढ़ में सक्रिय हो गया।
बंगाल की खाड़ी और दक्षिणी बांग्लादेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के असर से तीन जुलाई के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। एक-दो स्थानों पर भारी बारिश और गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। रायपुर में बुधवार को तेज हवा और बारिश के आसार हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान कुसमी में 90, कोटाडोल और पखांजूर में 70-70 मिमी बारिश दर्ज की गई। चंद्रपुर, मद्दापाल, साकोला और गिधौरी टुंडरा में 50 मिमी तक पानी गिरा।
सबसे कम बारिश वाले छह जिले
बिलासपुर 22.9 मिमी बारिश, सामान्य 151.6 मिमी. 85 प्रतिशत कमी
कोरिया 20.5 मिमी बारिश, सामान्य 128.5 मिमी, 84 प्रतिशत कमी
राजनांदगांव 26.7 मिमी बारिश,सामान्य 163.9 मिमी,84 प्रतिशत कमी
बेमेतरा 27.4 मिमी बारिश, सामान्य 138.8 मिमी, 80 प्रतिशत कमी
कोरबा 32.1 मिमी बारिश, सामान्य 161.3 मिमी, 80 प्रतिशत कमी
सरगुजा 38.6 मिमी बारिश, सामान्य 168.2 मिमी, 77 प्रतिशत कमी
एसएस
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

