जगदलपुर, 02 जुलाई (आरएनएस)। शहर के धरमपुरा स्थित विशाल मेगा मार्ट में कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पार्किंग में तैनात एक बुजुर्ग सुरक्षा गार्ड के साथ एक युवक ने कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट की। घटना का पूरा घटनाक्रम मेगा मार्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में युवक पहले बुजुर्ग गार्ड को जमीन पर गिराता है, फिर उन्हें घसीटते हुए लगातार मारपीट करता दिखाई देता है। वहीं, गार्ड खुद को बचाने का प्रयास करते नजर आते हैं, लेकिन युवक का हमला जारी रहता है।
घटना के बाद पीडि़त गार्ड की बेटी ने आरोपी युवक के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ड्यूटी कर रहे सुरक्षा कर्मी के साथ इस तरह की हिंसा बेहद निंदनीय है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
इस घटना ने सार्वजनिक स्थानों पर तैनात सुरक्षा कर्मियों की सुरक्षा और बढ़ती हिंसक घटनाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस से आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

