गरियाबंद, 02 जुलाई (आरएनएस)। जिले के देवभोग थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़ागांव के आश्रित ग्राम करलाकोट में सीसी सड़क निर्माण नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को नेशनल हाईवे-130सी पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व स्वयं भाजयुमो जिला अध्यक्ष हेमंत नागेश ने किया, जिनके साथ बड़ी संख्या में महिला-पुरुष सड़क पर उतर आए। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और करीब एक घंटे के भीतर प्रदर्शनकारियों को हाईवे से हटाकर यातायात बहाल कराया।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो वर्षों से करलाकोट में सीसी सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। बारिश के दौरान गांव की सड़कें पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाती हैं, जिससे एंबुलेंस और अन्य वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाते। स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को भी आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भाजयुमो जिला अध्यक्ष हेमंत नागेश ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार आवेदन देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा, प्रशासन जितनी तेजी से हमें सड़क से हटाने पहुंचा, यदि उतनी ही तत्परता से हमारी मांगों पर कार्रवाई करता तो आज आंदोलन की नौबत नहीं आती।
कांग्रेस ने भी साधा सरकार पर निशाना
भाजयुमो जिला अध्यक्ष के आंदोलन की जानकारी मिलते ही कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुखचंद बेसरा भी प्रदर्शन स्थल पहुंचे। हालांकि उनके पहुंचने से पहले ही पुलिस प्रदर्शन समाप्त करा चुकी थी। इसके बाद उन्होंने गांव का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की और राज्य सरकार पर निशाना साधा।
बेसरा ने कहा कि जब सत्ताधारी दल के पदाधिकारियों को ही अपने गांव में मूलभूत सुविधाओं के लिए धरना देना पड़ रहा है, तो सरकार के विकास के दावे खोखले साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा अपने नेताओं के गांव की सड़कें नहीं बनवा पा रही है, तो आम जनता की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।
प्रशासन ने लिया ज्ञापन
तहसीलदार अजय चंद्रवंशी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर हाईवे से हटाया गया और यातायात सुचारु करा दिया गया। ग्रामीणों से मांगपत्र प्राप्त कर लिया गया है, जिसे उच्च अधिकारियों के माध्यम से प्रशासन तक भेजा जाएगा, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

