रायगढ़, 16 अप्रैल (आरएनएस) जिले में कबाड़ के नाम पर चल रहे अवैध धंधे पर रायगढ़ पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि एक साथ 5 ट्रकों से 89.28 टन अवैध स्क्रैप जब्त कर लिया गया और पूरे नेटवर्क में हड़कंप मच गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में यह बड़ी कार्रवाई सामने आई, जहां पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर 4 ट्रकों को रंगे हाथों पकड़ा और एक ट्रक लावारिस हालत में बरामद किया। कहानी शुरू होती है मुखबिर की सटीक सूचना से, जिसके बाद डीएसपी सुशांतो बनर्जी के सुपरविजन में थाना प्रभारी रामकिंकर यादव की टीम एक्टिव होती है और अग्रोहा प्लांट, तमनार चौक और गेरवानी सलासर चौक जैसे हॉटस्पॉट पर एक साथ घेराबंदी करती है। सबसे पहले अग्रोहा प्लांट के पास CG15EB9886 ट्रक रोका जाता है, चालक नीरज कुमार (औरंगाबाद, बिहार) के पास कोई कागज नहीं मिलता और ट्रक से 25 टन 510 किलो स्क्रैप निकलता है जिसकी कीमत 6.37 लाख रुपये आंकी जाती है, साथ में ट्रक मिलाकर कुल 11.37 लाख की जप्ती होती है। इसके बाद तमनार चौक पर CG15AC1320 ट्रक पकड़ा जाता है, चालक अबताब खान (सरगुजा) के पास भी कोई दस्तावेज नहीं, ट्रक में 24 टन 200 किलो कबाड़, कीमत 6.05 लाख और कुल जप्ती 15.05 लाख रुपये। कार्रवाई यहीं नहीं रुकती, महालक्ष्मी काटिंग प्रा.लि. के पास CG15EC9886 ट्रक से 4 टन 950 किलो स्क्रैप बरामद होता है, चालक एम.डी. अलीम (पलामू, झारखंड) गिरफ्तार, कुल 8.23 लाख की जप्ती। फिर गेरवानी सलासर चौक पर CG07CC0311 ट्रक से 11 टन कबाड़ निकलता है, चालक शुभाष शर्मा (बरगढ़, ओडिशा) पकड़ा जाता है और 9.75 लाख की संपत्ति जब्त होती है। चारों मामलों में कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने धारा 35 (क)(ड) BNSS और 303(2) BNS के तहत केस दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट भेज दिया। इसी दौरान एक और बड़ा खुलासा तब होता है जब CG04LE9157 ट्रक लावारिस हालत में मिलता है, जिसमें 23 टन 620 किलो कबाड़ भरा होता है, चालक और मालिक का कोई सुराग नहीं, पुलिस ने धारा 106 BNSS के तहत ट्रक जब्त कर जांच तेज कर दी है। दरअसल, इस पूरी कार्रवाई के पीछे 14 अप्रैल को हुई एक अहम बैठक भी है, जिसमें पुलिस, प्रशासन और जीएसटी अधिकारियों ने उद्योगों को साफ चेतावनी दी थी कि बिना वैध दस्तावेज के कबाड़ खरीदना अब भारी पड़ेगा, क्योंकि इस अवैध कारोबार में टैक्स चोरी, जीएसटी फ्रॉड और चोरी का माल खपाने जैसे बड़े अपराध जुड़े हैं। अब पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि कबाड़ के बहाने काला कारोबार करने वालों की खैर नहीं। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ कहा है कि “ऑपरेशन प्रहार” लगातार जारी रहेगा और जो भी इस नेटवर्क में शामिल मिलेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

