०बीजापुर की बेटियों का शानदार प्रदर्शन
बीजापुर,16 अप्रैल (आरएनएस)। रायपुर: प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ महिला फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर इतिहास रच दिया। इस बड़ी उपलब्धि में बीजापुर स्पोट्र्स अकादमी की दो प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों बिंदु तेलम और मीना कश्यप का अहम योगदान रहा।बीजापुर जिले के तुमनार गांव की निवासी बिंदु तेलम एक साधारण किसान परिवार से आती हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से खेल जगत में पहचान बनाई है। बिंदु पहले ही जूनियर नेशनल यूथ गेम्स और इंडियन वुमेंस लीग में अपने खेल का लोहा मनवा चुकी हैं और वर्तमान में कॉलेज की पढ़ाई के साथ अपने खेल को और निखार रही हैं।वहीं, मीना कश्यप ने भी अपने दमदार खेल से टीम को मजबूती प्रदान की। उन्होंने जूनियर नेशनल, सीनियर नेशनल और इंडियन वुमेंस लीग में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। मीना एक किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं और कॉलेज के अंतिम वर्ष की छात्रा होने के साथ-साथ नगर सैनिक के रूप में भी सेवाएं दे रही हैं।बीजापुर स्पोट्र्स अकादमी की कोच ज्योति यादव लाइसेंस कोच) के मार्गदर्शन में खिलाडिय़ों ने यह मुकाम हासिल किया। उनके निरंतर प्रशिक्षण और प्रेरणा ने खिलाडिय़ों के प्रदर्शन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।इस ऐतिहासिक जीत से न केवल बीजापुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी की लहर है। यह उपलब्धि प्रदेश में महिला फुटबॉल के बढ़ते स्तर और ग्रामीण प्रतिभाओं की कड़ी मेहनत का प्रतीक बनकर उभरी है।जिले के कलेक्टर संबित मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर एवं खेल प्रभारी उत्तम सिंह पंचारी सहित प्रशासनिक अधिकारियों, कोचिंग स्टाफ और खेल प्रेमियों ने खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

