पश्चिम मेदिनीपुर 16 अप्रैल (आरएनएस)। दक्षिण पूर्व रेलवे के साउथ ईस्टर्न रेलवे के अंतर्गत खडग़पुर मंडल ने पारदर्शिता बढ़ाने और अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। मंडल प्रशासन द्वारा पीआरएस (पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम ) काउंटरों पर विशेष सघन एवं आकस्मिक जांच अभियान चलाया जा रहा है, खासकर ओपनिंग डे और तत्काल बुकिंग के दौरान। मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर वाणिज्य निरीक्षकों की टीमों ने (आरपीएफ) के सहयोग से अचानक निरीक्षण किए। इस दौरान बुकिंग गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी गई, ताकि अनधिकृत एजेंटों और दलालों की भूमिका को पूरी तरह खत्म किया जा सके। जांच के दौरान यात्रियों द्वारा भरे गए रिक्विजिशन फॉर्म की गहन जांच की गई और कतार में खड़े लोगों के पहचान पत्रों का सत्यापन भी किया गया। इसका उद्देश्य फर्जी या प्रॉक्सी बुकिंग को रोकना और यह सुनिश्चित करना था कि तत्काल टिकट जैसी सुविधाओं का लाभ केवल वास्तविक यात्रियों को ही मिले। रेलवे अधिकारियों ने बुकिंग स्टाफ को भी निर्देश दिए कि वे टिकट जारी करते समय पूरी पारदर्शिता, दक्षता और नियमों का पालन सुनिश्चित करें, खासकर भीड़भाड़ के समय। इसी के साथ खडग़पुर मंडल में टिकट चेकिंग अभियान भी तेज कर दिया गया है। मेल-एक्सप्रेस और लोकल ट्रेनों के साथ-साथ रोडसाइड स्टेशनों पर सघन जांच की जा रही है। टिकट चेकिंग स्टाफ ने आरपीएफ के साथ मिलकर बिना टिकट यात्रा, अनधिकृत प्रवेश और अन्य अनियमितताओं पर सख्ती दिखाई। 15 अप्रैल 2026 को चलाए गए इस विशेष अभियान में कुल 1118 मामलों में बिना टिकट या अनियमित यात्रा पकड़ी गई, जिससे 7,34,055 रुपए का जुर्माना वसूला गया। रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि रेलवे राजस्व की सुरक्षा हो, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलें और यात्रा व्यवस्था पूरी तरह अनुशासित और पारदर्शी बनी रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

