रायपुर, 16 अप्रैल (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने अचानक गंभीर हिंसा त्रक्चका रूप ले लिया। भाठागांव स्थित पगारिया फार्म हाउस में आम तोडऩे को लेकर हुए विवाद में पांच युवकों ने फार्म हाउस के चौकीदार पर चाकू, डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में चौकीदार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश के पन्ना निवासी नारायण विश्वकर्मा उक्त फार्म हाउस में चौकीदार के रूप में कार्यरत है। 15 अप्रैल की दोपहर करीब 2 बजे उसने कुछ युवकों को फार्म हाउस के आम के पेड़ों से फल तोड़ते हुए देखा। जब उसने उन्हें रोकने और आम वापस रखने के लिए कहा, तो इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
बताया गया कि विवाद के दौरान युवकों ने पहले गाली-गलौज की और फिर देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि धैर्य विश्वकर्मा, रघु विश्वकर्मा, बिट्टू यादव, यश विश्वकर्मा और यशपाल ने मिलकर नारायण विश्वकर्मा पर हमला कर दिया। एक आरोपी ने चाकू से वार करने की कोशिश की, जबकि अन्य ने डंडों और पत्थरों से बेरहमी से मारपीट की। हमले में चौकीदार के सिर और सीने पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा।
घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने घायल चौकीदार को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून को हाथ में न लें और तुरंत प्रशासन को सूचना दें। फिलहाल पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

