सीएम ने किया अपने हाथों से प्रसाद वितरण
जगदीश यादव
दिनहाटा/माथाभांगा/अलीपुर द्वार। लगातार धुंआधार चुनाव प्रचार कर रहीं बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कूचबिहार जिले के मदन मोहन मंदिर में पूजा-अर्चना की अपने हाथों से प्रसाद वितरण किया। वहीं कूचबिहार में एक रैली को संबोधित करते हुए मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा बंगाल चुनावों के दौरान बम लगाने और जांच के लिए एनआईए को बुलाने की योजना बना रही है। सीएम ने दावा किया कि चुनाव के दौरान माहौल खराब करने की साजिश रची जा रही है। ममता बनर्जी ने अपने भाषण में कहा कि भाजपा चुनाव के समय राज्य में अशांति फैलाने के लिए बम लगाने की योजना बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब चुनावी माहौल को प्रभावित करने के लिए किया जा रहा है, ताकि मतदाताओं में डर पैदा हो सके। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इसके लिए बाहरी लोगों को लाकर गलत घटनाओं का आरोप स्थानीय लोगों पर डाला जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों का मकसद लोगों को डराना और राजनीतिक लाभ लेना है। वहीं ममता बनर्जी ने कूचबिहार में हो रही राजनीतिक हिंसा को लेकर भी चिंता जताई है और प्रशासन से तुरंत कार्रवाई करने की अपील की है। ममता बनर्जी ने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि राजनीतिक हिंसा को तुरंत रोका जाना चाहिए, क्योंकि यह बंगाल की संस्कृति का हिस्सा नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य में शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने अपने बयान में यह भी कहा कि पहले सीपीएम शासन के दौरान राज्य में कई तरह की हिंसक घटनाएं हुई थीं और कई लोगों की जान भी गई थी। उन्होंने तुलना करते हुए कहा कि आज का बंगाल अलग दिशा में आगे बढ़ रहा है। ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल के लोग आपस में मिलकर शांतिपूर्वक रहें और विकास के कामों में सहयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि उनका किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और सभी लोग उनके लिए मित्र समान हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

