बालोद , 17 अप्रैल (आरएनएस)। बालोद जिले के गुंडरदेही क्षेत्र में बोर खनन को लेकर फर्जी दस्तावेज तैयार करने का मामला सामने आया है, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। आरोप है कि एसडीएम कार्यालय के नाम से एक नकली अनुमति पत्र तैयार किया गया, जिसमें शासकीय सील, हस्ताक्षर और आवक-जावक क्रमांक तक फर्जी तरीके से अंकित किए गए थे, ताकि दस्तावेज पूरी तरह असली लगे।

जानकारी के अनुसार, ग्राम गोड़ेला निवासी जनक लाल साहू ने यह फर्जी पत्र तैयार कर 5 अप्रैल की तारीख में बोर खनन कराया। जबकि शासन के नियमों के तहत बिना अनुमति बोर खनन पूरी तरह प्रतिबंधित है। विशेष परिस्थितियों में ही एसडीएम कार्यालय से अनुमति दी जाती है, वह भी जांच के बाद।
मामला उजागर होने के बाद गुंडरदेही एसडीएम प्रतिमा ठाकरे ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जारी किया गया पत्र पूरी तरह फर्जी है और उस पर लगी सील व हस्ताक्षर उनके कार्यालय के नहीं हैं।
प्रशासन ने इस मामले में सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है।
0000

