मोहला-मानपुर, 17 अप्रैल (आरएनएस)। अंबागढ़ चौकी जिले में बीती रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया। अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र के घोरदा-गौलीटोला मार्ग पर स्थित पुलिया में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम डोंगाघाट निवासी अशोक कोमा (45 वर्ष), राजकुमार कोमा (40 वर्ष) और करण कोमा शादी समारोह में शामिल होने ग्राम घोरदा गए हुए थे। कार्यक्रम से लौटते समय रात करीब 9:30 बजे उनकी बाइक घोरदा और गौलीटोला के बीच पुलिया से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में अशोक कोमा और राजकुमार कोमा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं करण कोमा गंभीर रूप से घायल है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंबागढ़ चौकी से मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। ईलाज के बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

