नईदिल्ली, 18 अपै्रल। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने सीरीज के पहले वनडे में बांग्लादेश क्रिकेट टीम को 26 रन से हराते हुए 3 मैचों की सीरीज में बढ़त बनाई। ढाका में खेले गए मैच में मेहमान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट खोकर 247 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेशी टीम 221 रन पर सिमट गई। अब सीरीज का दूसरा वनडे 20 अप्रैल को खेला जाएगा। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
न्यूजीलैंड ने शुरुआत में निरंतर अंतराल पर विकेट गंवाए। इस बीच सलामी बल्लेबाज हेनरी निकोल्स ने अर्धशतक (68) लगाया। उनके अलावा मध्यक्रम में डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने 59 रन की पारी खेलते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में बांग्लादेश ने 21 रन तक अपने 2 विकेट खोए। इसके बाद सैफ हसन ने 57 रन की पारी खेली। मध्यक्रम में तौहीद हृदय और लिटन दास (46) ने संघर्ष किया, लेकिन जीत नहीं दिला सके।
न्यूजीलैंड से पारी की शुरुआत करने आए निकोल्स ने अपने वनडे करियर का 17वां अर्धशतक 65 गेंदों में पूरा किया। उन्होंने 83 गेंदों का सामना करते हुए 68 रन बनाए। अपनी अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 9 चौके लगाए। उन्होंने विल यंग के साथ मिलकर 88 गेंदों में 77 रन की साझेदारी की। अच्छी बल्लेबाजी कर रहे निकोल्स का विकेट रिशाद हुसैन ने हासिल किया। वह चौथे विकेट के रूप में आउट हुए।
न्यूजीलैंड ने जब 131 रन के स्कोर पर अपना चौथा विकेट गंवाया, तब फॉक्सक्रॉफ्ट क्रीज पर आए। अपना सिर्फ दूसरा ही वनडे खेल रहे इस बल्लेबाज ने 52 गेंदों में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 58 गेंदों में 59 रन की पारी खेली। अपनी अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 8 चौके लगाए। उन्होंने निचले क्रम में कुछ उपयोगी साझेदारियां करते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज सैफ हसन ने अपने वनडे करियर का दूसरा अर्धशतक लगाया। उन्होंने 76 गेंदों का सामना करते हुए 57 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 8 चौके और 1 छक्का लगाया। वहीं, तौहीद हृदय ने अपने वनडे करियर का 12वां अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 58 गेंदों में छक्का लगाते हुए अर्धशतक लगाया। वह 60 गेंदों में 55 रन की पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने 2 चौके और 2 छक्के लगाए।
न्यूजीलैंड की ओर से ब्लेयर टिकनर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने 10 ओवर में 40 रन देते हुए 4 विकेट लिए। उनके बाद नाथन स्मिथ ने 9.3 ओवर में 45 रन देते हुए 3 सफलताएं हासिल की।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

