नईदिल्ली, 18 अपै्रल। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 26वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा। ये मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज विराट कोहली से एक बार फिर बड़ी पारी की उम्मीद होगी। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ कोहली सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं। ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।
कोहली ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पहला मुकाबला साल 2008 में खेला था। अब तक इस खिलाड़ी ने 31 मुकाबले खेले हैं और इसकी 30 पारियों में 49.13 की उम्दा औसत के साथ 1,130 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 133.68 की रही है। कोहली के बल्ले से 11 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 99 रन रहा है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ इस खिलाड़ी ने 101 चौके और 33 छक्के लगाए हैं।
कोहली और अक्षर पटेल 13 पारियों में आमने-सामने आए हैं। इस दौरान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पूर्व कप्तान ने 86 गेंदों में 97 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 112.79 की रही है। अक्षर ने कोहली को एक बार आउट किया है। कुलदीप यादव और कोहली 7 पारियों में एक दूसरे के खिलाफ खेलने उतरे हैं। इस दौरान कोहली ने 117.18 की स्ट्राइक रेट से 64 गेंदों में 75 रन बनाए हैं। कुलदीप उन्हें एक बार आउट करने में सफल हुए हैं।
कोहली ने साल 2008 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपने आईपीएल करियर का आगाज किया था। वह अब तक 272 मैचों की 264 पारियों में 39.86 की औसत और 133.40 की स्ट्राइक रेट के साथ 8,889 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 65 अर्धशतकों के अलावा 8 शतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 113 रन रहा है। वह इस सीजन में आईपीएल इतिहास में 9,000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन सकते हैं।
कोहली ने आईपीएल 2026 में 5 मुकाबले खेले हैं और इसकी 5 पारियों में 57 की शानदार औसत से 228 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 158.33 की रही है। उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 69* रन रहा है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

