बिलासपुर में बड़ी कार्रवाई: 245 किलो गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
बिलासपुर 18 April (Rns)/- जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा जब्त किया है। थाना रतनपुर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर 245 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक मारुति अर्टिगा कार में कटघोरा की ओर से बिलासपुर की तरफ भारी मात्रा में गांजा लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे पर नवापारा चौक भेड़ीमुंडा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन से 245 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ 22 लाख रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त कार, मोबाइल और अन्य सामान मिलाकर कुल 1 करोड़ 30 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है।
इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान अमित कुमार केवट (33 वर्ष), निवासी शहडोल, मध्यप्रदेश और नीरज शुक्ला (30 वर्ष), निवासी अनुपपुर, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ और मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर दूसरे आरोपी की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
इस कार्रवाई में रतनपुर थाना और एसीसीयू टीम के अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही।

