रायपुर/कोरबा, 18 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में कोरबा जिले के दर्री तहसील अंतर्गत ग्राम गोपालपुर में नए औद्योगिक क्षेत्र के अधोसंरचना विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई इस परियोजना को क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और उद्योगों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
करीब 10.900 हेक्टेयर (27 एकड़) भूमि पर लगभग 10.59 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाला यह औद्योगिक क्षेत्र लघु, मध्यम और बड़े उद्योगों की स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करेगा। वर्ष 1980 के बाद कोरबा में इस तरह के नए औद्योगिक क्षेत्र का विकास एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जो जिले को नई औद्योगिक पहचान देने में सहायक होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री देवांगन ने कहा कि यह केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि कोरबा के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। इस पहल से निवेश के नए अवसर खुलेंगे और स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में उद्योग और अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।
मंत्री ने नई औद्योगिक नीति की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अब उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए सरल, पारदर्शी और समयबद्ध हो गई है। भूमि आवंटन पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार की संभावनाएं कम होंगी। साथ ही अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए मात्र 1 रुपये में भूमि उपलब्ध कराने का प्रावधान भी किया गया है।
छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (ष्टस्ढ्ढष्ठष्ट) के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने बताया कि इस औद्योगिक क्षेत्र में कुल 44 इकाइयों को भूखंड आवंटित किए जाएंगे, जिससे औद्योगिक गतिविधियों में तेजी आएगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि नई नीति के तहत पात्र उद्योगों को कुल निवेश का लगभग 65 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है, जिससे नए उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा।
प्रबंध निदेशक विश्वेश कुमार ने बताया कि लगभग 11 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होने वाली इस परियोजना की टेंडर प्रक्रिया जारी है और कार्यों को पूरी पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि एमएसएमई, स्टार्टअप्स और नए उद्योगों को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है तथा वन क्लिक सिंगल विंडो प्रणाली के माध्यम से सभी आवश्यक सुविधाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस अवसर पर विधायक कटघोरा प्रेमचंद्र पटेल, महापौर मती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, कलेक्टर कुणाल दुदावत, निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
यह पहल स्पष्ट संकेत देती है कि कोरबा अब केवल कोयला और विद्युत उत्पादन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बहुआयामी औद्योगिक विकास के नए केंद्र के रूप में उभरेगा।


